झारखंड के गढ़वा जिले में एक आदमखोर तेंदुआ आतंक मचाए हुए है। वह लगातार लोगों को निशाना बना रहा है। अब उसने अब 20 साल के एक युवक को मार डाला। तीन सप्ताह में यह चौथी मौत है।
अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि माना जा रहा है कि चारों मौतें एक ही तेंदुए के हमले में हुई हैं। तेंदुआ लगातार लोगों की जान ले रहा है, लेकिन उसे आदमखोर घोषित करने की कार्यवाही वन विभाग की फाइलों में गुम है। गढ़वा के वन मंडल ने कहा है कि इस तेंदूए को नरभक्षी या आदमखोर घोषित करने के प्रस्ताव का प्रारूप तैयार कर लिया गया है। बता दें, आदमखोर घोषित करने के बाद ही किसी वन्य जीव का खात्मा किया जा सकता है।
तेंदुए के हमले में मौत की ताजा घटना गढ़वा जिले के रामकंडा के कुशवाह गांव में हुई। गांव में चाचा के यहां से अपने घर लौट रहे हरेंद्र नायक पर बुधवार शाम साढ़े छह बजे तेंदुए ने हमला कर दिया। गढ़वा मंडल वन अधिकारी (दक्षिण) शशि कुमार के अनुसार तेंदुए ने युवक की गर्दन पर हमला किया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।